प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना उनमें से एक योजना है. जिसके माध्यम से उन किसानों की मदद की जाती है जिनकी फसल किसी प्राकृतिक आपदा के कारण नष्ट हो जाती है.
भारत एक कृषि प्रधान देश है. देश के कई लोग अपनी आजीविका के लिए कृषि पर निर्भर हैं. हालांकि हमारे देश में कृषि करना इतना आसान नहीं है. खेती के दौरान किसानों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है. कई बार तो सूखा, ओला, पाला और अन्य कारणों से उनकी फसलें नष्ट हो जाती हैं.
हालांकि हमारी सरकार किसानों की मदद करने के लिए बहुत सी योजनाएं चलाती है. प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना उनमें से एक योजना है. जिसके माध्यम से उन किसानों की मदद की जाती है जिनकी फसल किसी प्राकृतिक आपदा के कारण नष्ट हो जाती है. अगर आप की भी फसल किसी कारण से नष्ट हो गई है तो इस योजना के बारे में जरूर जानें.
क्या है प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना?
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 18 फरवरी 2016 को प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) शुरू की गई थी. ये योजना किसानों को उनकी उपज के लिए एक बीमा सेवा प्रदान करती है. इसका मुख्य उद्देश्य किसानों की फसलों का बीमा कर उनका बोझ कम करना है.
किन फसलों का किया जाता है बीमा?
प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना में तिलहन, खाद्य फसल और बागवानी फसलें कवर की जाती हैं. साथ ही कुछ और फसलें भी इसमें शामिल हैं.
योजना का उद्देश्य
प्राकृतिक घटनाओं से फसल को नुकसान होने पर पीड़ित किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है. इस योजना के तहत प्राकृतिक आपदा जैसे ओलावृष्टि, बारिश, सूखा, बाढ़, लंबी सूखा अवधि, भूस्खलन, चक्रवात, तूफान, कीट और बीमारियों जैसे कई बाहरी जोखिमों से उत्पन्न होने वाली फसल पैदावार में किसी भी नुकसान की भरपाई सरकार की ओर से की जाती है.
योजना का ऐसे भरें ऑनलाइन फॉर्म
-प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का फॉर्म ऑनलाइन भरने के लिए कृपया इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
-फसल बीमा योजना के लिए सबसे पहले आपको इसकी वेबसाइट पर अकाउंट बनाना होगा.
-वेबसाइट पर अकाउंट बनाने के लिए आपको रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करना होगा और पूछी गई सभी जानकारी भरनी होगी.
-सभी जानकारी भरने के बाद आपको सबमिट बटन पर क्लिक करना होगा और उसके बाद आपका अकाउंट आधिकारिक वेबसाइट पर बन जाएगा.
-अपना अकाउंट बनाने के बाद, कृपया अपने खाते से लॉग इन करके फसल बीमा योजना के लिए फॉर्म भरें.
-फॉर्म भरने के बाद सबमिट बटन पर क्लिक करें और जिसके बाद स्क्रीन पर सफल होने का मैसेज दिखाई देगा.